RANCHI: सदर अस्पताल रांची में मंगलवार को इंटरनेशनल नर्स डे मनाया गया। इस साल का थीम ‘आवर नर्स, आवर फ्यूचर: इंपावर्ड नर्सेज सेव लाइव्स’ है। जिसका मुख्य उद्देश्य नर्सों की देखभाल और बेहतर कार्य परिस्थितियों के माध्यम से स्वास्थ्य व्यवस्था व अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। इस दौरान अस्पताल में कार्यरत नर्सों को उनके समर्पण, सेवा भावना और मरीजों के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली नर्सों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ होती हैं। मरीजों की देखभाल, उपचार और आपातकालीन सेवाओं में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नर्सें दिन-रात अपनी सेवाएं देकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में अहम योगदान देती हैं।

वहीं दूसरी ओर मैटरनिटी वार्ड में नर्सों ने केक काटकर इस दिन को सेलिब्रेट किया और शपथ भी ली। नर्सों को सोशल एक्टिविस्ट ज्योति शर्मा ने शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि नर्सों के बिना अस्पताल की कल्पना संभव नहीं है। ये निस्वार्थ भाव से 24 घंटे मरीजों की सेवा करती हैं और हर परिस्थिति में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती हैं। उन्होंने कहा कि नर्सें गंभीर संक्रामक बीमारियों से पीड़ित मरीजों की डिलीवरी भी पूरी जिम्मेदारी और साहस के साथ कराती हैं।

