Jamshedpur : प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिले के डीसी से मुलाकात कर पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित करने और प्रेस लिखे फर्जी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हाल के दिनों में प्रेस लिखे वाहनों का आवागमन तेजी से बढ़ा है। इसमें अवांछित तत्व और तथाकथित फर्जी पत्रकार भी शामिल हैं।
इससे न सिर्फ वास्तविक पत्रकारों की छवि प्रभावित हो रही है, बल्कि जिला प्रशासन को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रेस क्लब ने बताया कि कुछ लोग प्रेस की आड़ में धौंस जमाकर अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं। इससे पत्रकारिता की गरिमा धूमिल हो रही है। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रेस क्लब से जिले के सक्रिय और कार्यशील पत्रकारों की सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
डीसी ने प्रेस क्लब से मांगा सूची
उन्होंने कहा कि इस सूची के आधार पर अवैध रूप से प्रेस लिखे वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रेस के नाम पर भयादोहन करने वाले अवांछित तत्वों को चिन्हित कर दंडित किया जाएगा।उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को तत्काल ऐसे वाहनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके अलावा, प्रेस क्लब को सभी मीडिया संस्थानों से सक्रिय पत्रकारों की सूची एकत्र कर प्रशासन को सौंपने को कहा गया।इस मौके पर प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के पदाधिकारी और कई सदस्य मौजूद रहे। इस मौके पर जिले में पत्रकारिता की गरिमा और पारदर्शिता को बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। यह पहल झारखंड में पत्रकारों की पहचान और प्रेस के दुरुपयोग पर रोक लगाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
ये लोग रहे शामिल
इस दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज सिंह, महासचिव विनय पूर्ति, कोषाध्यक्ष अजय कुमार महतो, अजय शंकर, देवानंद सिंह, संदीप सवर्ण, जयेश ठाकेर , रामकंडे मिश्रा, राघवेंद्र शर्मा, रंगाधर नंदा, उमाशंकर दुबे, गोविन्द पाठक, मो अकबर, मनोज सिंह,इंद्रजीत सिंह पिंटू, अमजद खान, इम्तियाज़ इन्तु, देवाशीष चटर्जी, रवि शंकर, बसंत साहू, अनिमेष सेन गुप्ता, रंजन झा, विनय उपाध्यय, राजेश सिंह, बिनोद केसरी, मो जावेद, मो अनवर, मुजतबा रिजवी, चाणक्य साह, मनोज रजक, अनूप मिश्रा, सरफ़राज गोलू, उज्ज्वल कुमार, बाबू वसीम, रोहित कुमार, ऋषभ श्रीवास्तव, मो सद्दामआदि उपस्थित थे।

