Ranchi : विकास की नई दिशा के विजन के साथ हेमंत सरकार झारखंड के पर्यटन स्थलों को विकसित कर रही है। इसके लिए प्रदेश में सड़क आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। राज्य के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक आसान एवं तेज आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पर्यटन विभाग, पथ निर्माण विभाग और नगर विकास विभाग समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं, ताकि यहां की हसीन वादियों के साथ पर्यटकों को पर्यटन और आध्यात्मिक अनुभूति का आनंद मिल सके। इसके तहत टूरिस्ट कॉरिडोर और होली टूरिस्ट कॉरिडोर परियोजना पर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर विभाग चरणबद्ध तरीके से महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को आगे बढ़ा रहा है।
करीब 506 किलोमीटर लंबे इन दोनों कॉरिडोर पर लगभग 4600 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य नेतरहाट, मैक्लुस्कीगंज, रजरप्पा और देवघर जैसे प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है।
परियोजना के तहत सिसई-घाघरा-नेतरहाट रोड, सिल्ली-तमाड़-खूंटी मार्ग, गारू-हेरहंज सड़क, बालूमाथ-पांकी रोड, बालूमाथ-मैक्लुस्कीगंज-चामा मोड़ मार्ग, हजारीबाग-टंडवा सड़क, रजरप्पा-गोमिया फोरलेन कॉरिडोर, गोमिया-पेंक-डुमरी सड़क, डुमरी-गिरिडीह-भीरकीडीह मार्ग और भीरकीडीह-बुधाई-देवघर फोरलेन सड़क जैसे कई महत्वपूर्ण मार्गों को विकसित किया जा रहा है।

चार हिस्सों में बनने वाला होली टूरिस्ट
होली कॉरिडोर रांची के ओरमांझी से शुरू होकर गोला, रजरप्पा, गोमिया, डुमरी, गिरिडीह होते हुए देवघर तक जाएगा। वहीं टूरिस्ट कॉरिडोर सिल्ली, तमाड़, खूंटी, सिसई, घाघरा, नेतरहाट, गारू, लातेहार, बालूमाथ और मैक्लुस्कीगंज जैसे क्षेत्रों को जोड़ते हुए विकसित किया जाएगा।
आधारभूत संरचना के लिए हो रहे काम : सुदिव्य कुमार
राज्य के पर्यटन, नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बताया कि झारखंड सरकार आधारभूत संरचना को विकसित करने के लिए कई योजनाओं पर एक साथ काम कर रही है। जहां आवश्यकता पड़ रही है, वहां पथ निर्माण विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग के समन्वय से महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई हिस्सों की स्वीकृति दी जा चुकी है। खूंटी जिले के पेरवा घाघ फॉल जाने वाली सड़क की भी स्वीकृति मिल गई है और उसका डीपीआर अंतिम चरण में है। वहीं घाघरा-नेतरहाट सड़क को भी पर्यटन कॉरिडोर के रूप में मंजूरी प्रदान कर दी गई है। सरकार का मानना है कि इन सड़क परियोजनाओं से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क बनने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो सकेगी।
Read Also: Jharkhand Tourism : झारखंड के टूरिस्ट स्पॉट रहेंगे चकाचक, पर्यटकों को भी मिलेगी विशेष सुविधा

