RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची में लगातार बढ़ रही गर्मी और शहर में प्रदूषण के स्तर को देखते हुए रांची नगर निगम ने आमजन को राहत पहुंचाने के लिए विशेष अभियान तेज कर दिया है। निगम की ओर से शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौक-चौराहों और अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में एंटी स्मॉग गन और स्प्रिंकलर मशीनों के माध्यम से नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य वातावरण में धूल और प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करना है, ताकि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार गर्मी के मौसम में लगातार बढ़ते तापमान और सड़क किनारे उड़ने वाली धूल से आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए निगम ने एंटी स्मॉग गन और स्प्रिंकलर मशीनों का उपयोग शुरू किया है। इन मशीनों से सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित जल छिड़काव किया जा रहा है, जिससे हवा में मौजूद धूल कण नीचे बैठ रहे हैं और प्रदूषण में कमी आ रही है।
निगम का कहना है कि इस पहल का असर केवल प्रदूषण नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे सड़क किनारे के क्षेत्रों में तापमान भी कुछ हद तक कम महसूस हो रहा है। राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। खासकर दोपहर के समय जब तापमान अधिक रहता है, तब इस व्यवस्था से लोगों को राहत महसूस हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में जरूरत के अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी जल छिड़काव बढ़ाया जाएगा, ताकि शहरवासियों को गर्मी और प्रदूषण दोनों से राहत मिल सके।

