Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत चाकुलिया थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बाजपयी कॉलोनी, नया बाजार स्थित एक घर में छापेमारी कर गांजा बिक्री के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक को लगातार सूचना मिल रही थी कि चाकुलिया थाना अंतर्गत बाजपयी कॉलोनी, नया बाजार में रहने वाला महेश गागराई अपने घर से पुड़िया बनाकर गांजा बेचने का काम कर रहा है। इसी सूचना के आधार पर 26 मई 2026 की दोपहर थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महेश गागराई के घर पर दबिश दी, जहां से कुल 336 ग्राम गांजा, 810 रुपये नकद और गांजा की छोटी-छोटी पुड़िया तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला प्लास्टिक का डब्बा बरामद किया गया। मौके से महेश गागराई को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में अब तक यह बात सामने आई है कि आरोपी बाहर से गांजा खरीदकर अपने घर से आसपास के लोगों को बेचता था। इस मामले में चाकुलिया थाना कांड संख्या 31/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश गागराई (45 वर्ष), पिता स्वर्गीय बैरांगी गागराई, निवासी बाजपयी कॉलोनी, नया बाजार, चाकुलिया के रूप में हुई है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी राजेश कुमार, कविन्द्र कुमार पोद्दार, पिताम्बर मंडल और उमाराम खलको शामिल थे।

