रांची : झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को समाप्त हो गई। नामांकन के अंतिम दिन तक कुल तीन उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल किया, जबकि सात लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे थे। इनमें से चार लोगों ने नामांकन नहीं किया।
अब राज्यसभा चुनाव के लिए मुकाबला झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम, कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी के बीच होगा। नामांकन प्रक्रिया के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों खेमों में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं।
झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम और कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन तथा महागठबंधन के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी ने भाजपा विधायकों के समर्थन के साथ अपना नामांकन पत्र जमा किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी ने इस बार राज्यसभा चुनाव में अपना आधिकारिक उम्मीदवार नहीं उतारा है। उन्होंने कहा कि भाजपा स्वच्छ राजनीति की भावना के तहत निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी का समर्थन कर रही है। साहू ने यह भी कहा कि विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए भाजपा प्रत्याशी उतारने से राजनीतिक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब राजनीतिक दलों की नजर आगामी चुनावी प्रक्रिया और परिणामों पर टिकी हुई है।

