Ranchi : झारखंड में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 जून को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा अनुशंसित 1018 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इनमें कक्षा 1 से 5 तथा कक्षा 6 से 8 तक के लिए चयनित सहायक आचार्य शामिल हैं।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। आयोग की अनुशंसा के बाद सभी अभ्यर्थियों की जिला स्तर पर काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिछले महीने 319 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए थे। इनमें 198 अभ्यर्थी कक्षा 1 से 5 तथा 121 अभ्यर्थी कक्षा 6 से 8 के लिए चयनित हुए थे।
10 हजार से अधिक सहायक आचार्यों को मिल चुका है नियुक्ति पत्र
राज्य सरकार अब तक करीब 10 हजार सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र दे चुकी है। कुल 26,001 स्वीकृत पदों के विरुद्ध बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की अनुशंसा की गई है, हालांकि अभी भी कई पद रिक्त हैं।
माध्यमिक आचार्य नियुक्ति प्रक्रिया भी तेज
इधर, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने झारखंड माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के तहत 466 अभ्यर्थियों को विभिन्न विषयों में माध्यमिक आचार्य एवं विशेष शिक्षा आचार्य पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया है।
आयोग ने मानवशास्त्र, दर्शनशास्त्र, गृह विज्ञान, भूगर्भशास्त्र तथा एआई, साइबर सिक्योरिटी और डेटा साइंस सहित विभिन्न विषयों के अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए बुलाया है। यह प्रक्रिया 18 और 19 जून को नामकोम स्थित आयोग कार्यालय में दो पालियों में आयोजित होगी।
24 जून को मिलेगा अंतिम अवसर
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जो अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर दस्तावेज सत्यापन में शामिल नहीं हो पाएंगे, उन्हें 24 जून को अंतिम अवसर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को अतिरिक्त मौका नहीं मिलेगा
आयोग के अनुसार दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाना अंतिम चयन नहीं माना जाएगा। प्रमाणपत्रों की जांच पूरी होने के बाद योग्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को भेजी जाएगी।
गौरतलब है कि झारखंड में पहली बार माध्यमिक आचार्यों की नियुक्ति की प्रक्रिया संचालित की जा रही है, जिससे राज्य के शिक्षा क्षेत्र को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

