
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा में अवैध बालू खनन और परिवहन के विरुद्ध पुलिस प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार की मध्यरात्रि में खनन टास्क फोर्स ने गुप्त सूचना के आधार पर अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। अवैध बालू का परिवहन कर रहे ट्रैक्टर व ट्रॉली को एनएच 320 डी पर सैप कैंप के पास पकड़ा गया। इस दौरान ट्रैक्टर के चालक और खलासी के साथ मजदूर भाग गए।
गोइलकेरा पुलिस द्वारा जब्ती के बाद बालू समेत ट्रैक्टर व ट्रॉली को गोइलकेरा थाने लाया गया। अग्रेतर कार्रवाई के लिए खनन विभाग को सूचित किया जाएगा। बताया जा रहा है कि बालू खनन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई के बावजूद कई माफिया देर रात स्टॉक से बालू का परिवहन कर रहे हैं। पकड़ा गया ट्रैक्टर गोइलकेरा के ही डेरोवां का बताया जा रहा है। पुलिस छानबीन में जुटी है।

