Home » Jamshedpur News: उपायुक्त ने एमजीएम और सदर अस्पताल का किया निरीक्षण, ब्रेन मलेरिया पीड़ित मरीजों का जाना हाल

Jamshedpur News: उपायुक्त ने एमजीएम और सदर अस्पताल का किया निरीक्षण, ब्रेन मलेरिया पीड़ित मरीजों का जाना हाल

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज उपलब्ध कराया जाए।

by Mujtaba Haider Rizvi
dc hospital inspection
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने रविवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा सदर अस्पताल का निरीक्षण कर ब्रेन मलेरिया से पीड़ित मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दवा, जांच, रक्त, बेड या अन्य किसी भी चिकित्सकीय सुविधा की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। साथ ही गंभीर मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में लगातार देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि वर्तमान में अस्पतालों में भर्ती सभी ब्रेन मलेरिया पीड़ित मरीजों की स्थिति स्थिर है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग पूरी गंभीरता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए हैं। मरीजों को आवश्यक सभी चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि पोटका प्रखंड के प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से घर-घर सर्वे, बुखार की जांच, मलेरिया स्क्रीनिंग, दवा वितरण, मच्छरदानी के उपयोग के प्रति जागरूकता तथा संक्रमण की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। राज्य स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम भी लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति की निगरानी कर रही है।

उपायुक्त ने आम लोगों से अपील की कि यदि किसी को बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द या मलेरिया जैसे लक्षण दिखाई दें तो स्वयं इलाज करने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। उन्होंने नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने, घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने तथा जलजमाव नहीं होने देने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से ब्रेन मलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से होने वाली जटिलताओं से बचा जा सकता है।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी, धालभूम के एसडीएम, एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, चिकित्सकों की टीम, जिला स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Read also Malaria Campaign: पोटका में ब्रेन मलेरिया से छात्रा की मौत, स्वास्थ्य विभाग गंभीर; निजी क्लिनिक को नोटिस

Related Articles

Leave a Comment