
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने शहर के विभिन्न सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम के नेतृत्व में छह जांच टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में प्रशिक्षु उपसमाहर्ता, नगर निकायों के अधिकारी, सिटी मैनेजर, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल हैं।
अभियान के तहत होटल, मॉल, अस्पताल, विद्यालय, आवासीय और व्यावसायिक भवनों के साथ-साथ कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। टीमों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि सभी संस्थानों में आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था मौजूद हो।
पहले चरण में साकची स्थित होटल क्वालिटी इन, बिष्टुपुर के अल्कोर होटल, एमजीएम गोलचक्कर स्थित गंगा रेजिडेंसी, आमबागान स्थित एमआईआईटीजेईई क्लासेस प्राइवेट लिमिटेड, फिजिक्स वाला और श्रीमान क्लासेस का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता, फायर सेफ्टी सिस्टम, आपातकालीन निकास, निकासी मार्ग, विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन विभाग से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, सुरक्षा संकेतक और कर्मचारियों की आपदा से निपटने की तैयारियों की विस्तार से जांच की गई।
उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सार्वजनिक उपयोग वाले सभी प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित कराया जाए। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां पाई जाएंगी, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर दूर कराने का निर्देश दिया जाएगा। गंभीर अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर के सभी संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

