
चाईबासा : प्रसिद्ध महादेवशाल धाम मंदिर में आयोजित होने वाले आगामी श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखा जाएगा। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने अभी से कमर कस ली है। बुधवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ए.एस.पी. डॉ. सैय्यद मुस्तफा हाशमी ने तैयारियों का जायजा लेने के लिए महादेवशाल धाम का स्थलीय निरीक्षण किया।इस दौरान उनके साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार और थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मंदिर और मेला परिसर का बारीकी से अवलोकन किया और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के संबंध में कई अहम निर्देश दिए।
स्थाई ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान ए.एस.पी. डॉ. हाशमी ने सड़क यातायात को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को एक ऐसा पुख्ता और व्यावहारिक ट्रैफिक प्लान तैयार करने का निर्देश दिया, जिसे न सिर्फ इस बार लागू किया जाए, बल्कि आने वाले हर साल इसी ब्लूप्रिंट के आधार पर यातायात व्यवस्था संभाली जा सके। वाहनों के बेतरतीब ठहराव को रोकने के लिए व्यवस्थित पार्किंग स्थल बनाने की हिदायत दी गई है।
गौरतलब है कि सावन के महीने में, विशेषकर रविवार और सोमवार को भारी भीड़ उमड़ने के कारण इस रूट पर भीषण जाम लग जाता है। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ एनएच 320 डी (NH-320D) से गुजरने वाले आम वाहनों को भी घंटों की मशक्कत करनी पड़ती है। नया ट्रैफिक प्लान लागू होने से इस समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
तीसरी आंख की निगरानी में रहेगा मेला
मेला क्षेत्र सुरक्षा के मोर्चे पर किसी भी तरह की ढिलाई न बरतते हुए एसडीपीओ ने पूरे मेला क्षेत्र और मंदिर परिसर के सभी संवेदनशील और अत्यधिक भीड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं। इन कैमरों की मदद से पल-पल की निगरानी के लिए एक समर्पित कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा।प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष पवित्र सावन का महीना 30 जुलाई से शुरू हो रहा है। ऐसे में समय रहते सभी बुनियादी और सुरक्षात्मक तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अधिकारी लगातार प्रयासरत हैं ताकि श्रद्धालुओं को सुलभ और सुरक्षित जलाभिषेक का वातावरण मिल सके।

