Home » Dhanbad News : धनबाद मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप, घंटों चली तलाशी

Dhanbad News : धनबाद मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप, घंटों चली तलाशी

धमकी मिलने के तुरंत बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मुख्य डाकघर परिसर को खाली करा दिया। कर्मचारियों के साथ-साथ वहां मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi : झारखंड के धनबाद स्थित मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डाकघर प्रशासन को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें साइनाइड गैस बम से मुख्य डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को उड़ाने की बात कही गई थी। ईमेल में दोपहर एक बजे विस्फोट करने का दावा भी किया गया था।

धमकी मिलने के तुरंत बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मुख्य डाकघर परिसर को खाली करा दिया। कर्मचारियों के साथ-साथ वहां मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस, जिला प्रशासन और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार का संदिग्ध सामान या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की गहन जांच कर रही हैं।

पोस्टमास्टर राजीव कुमार ने बताया कि धमकी भरा ईमेल सुबह करीब 11 से 11:30 बजे के बीच मिला था। ईमेल में लिखा गया था कि किसी व्यक्ति के अपमान का बदला लेने के लिए पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय को साइनाइड गैस बम से निशाना बनाया जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन को अवगत कराया गया, जिसके बाद पूरे परिसर को खाली कराकर जांच शुरू कर दी गई।

बता दें कि इससे पहले भी धनबाद कोर्ट परिसर को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। उस मामले में जांच के बाद धमकी अफवाह साबित हुई थी। फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान, आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

Read also –Potka Rankini Temple News: रंकिनी मंदिर परियोजना पर आदिवासी ग्राम सभाओं का विरोध, विधायक संजीव सरदार का पुतला फूंका

Related Articles

Leave a Comment