Home » Hockey Jharkhand Election: हॉकी झारखंड के लगातार चौथी बार अध्यक्ष बने भोलानाथ सिंह, नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित

Hockey Jharkhand Election: हॉकी झारखंड के लगातार चौथी बार अध्यक्ष बने भोलानाथ सिंह, नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित

भारतीय खेल नीति-2025 के प्रावधानों के तहत अंतरराष्ट्रीय खेल संघ में पदाधिकारी होने के कारण भोलानाथ सिंह लगातार चौथी बार हॉकी झारखंड के अध्यक्ष निर्वाचित हुए।

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: हॉकी झारखंड की 13वीं वार्षिक आमसभा में वर्ष 2026-2030 के कार्यकाल के लिए 11 सदस्यीय नई कार्यकारिणी समिति का निर्विरोध निर्वाचन किया गया। भारतीय खेल नीति-2025 के प्रावधानों के तहत अंतरराष्ट्रीय खेल संघ में पदाधिकारी होने के कारण भोलानाथ सिंह लगातार चौथी बार हॉकी झारखंड के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं, विजय शंकर सिंह डायरेक्टर जनरल, मनोज कुमार प्रसाद (मनोज कोनबेगी) महासचिव और असरिता लकड़ा कोषाध्यक्ष चुनी गईं। आमसभा रविवार को मोराबादी स्थित जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हुई।

राज्य में हॉकी के विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झारखंड के 20 जिलों को प्रति जिला 65 हजार रुपये मूल्य के खेल किट वितरित किए गए। संगठन ने इसे जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

आमसभा में कुल आठ एजेंडों पर हुई चर्चा

बैठक में वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट, आय-व्यय का लेखा-जोखा, वित्तीय प्रतिवेदन, लेखा परीक्षक की नियुक्ति, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी सहित कुल आठ एजेंडों पर चर्चा हुई, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

चुनाव अधिकारी एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि सभी 11 पदों के लिए केवल एक-एक वैध नामांकन प्राप्त हुआ था। इसके कारण सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। आमसभा में विजय शंकर सिंह को हॉकी झारखंड का डायरेक्टर जनरल भी नियुक्त किया गया।

 भारतीय हॉकी टीम में रहा है शानदार प्रतिनिधित्व

विजय शंकर सिंह ने संगठन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में झारखंड के 35 खिलाड़ियों ने भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया है। वर्तमान में राज्य के 15 खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम का हिस्सा हैं, जबकि 20 खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर देश का प्रतिनिधित्व करने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह झारखंड में हॉकी के मजबूत ढांचे और लगातार किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हॉकी झारखंड खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में झारखंड को भारतीय हॉकी का मजबूत केंद्र बनाने के लिए सभी जिला इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। आमसभा में राज्य के सभी 24 जिलों के प्रतिनिधि, राज्य एथलीट समिति के सदस्य, पदाधिकारी तथा हॉकी से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Read Also: Chaibasa Kolhan university news : स्नातक प्रथम सेमेस्टर में नामांकन के लिए 20 जुलाई से खुलेगा चांसलर पोर्टल, केयू ने जारी की नामांकन तिथि

Related Articles

Leave a Comment