Home » Jamshedpur Health News: मानगो में एक माह में खुलेंगे तीन नए अर्बन हेल्थ सेंटर, स्वास्थ्य सेवाओं पर है मेयर का फोकस

Jamshedpur Health News: मानगो में एक माह में खुलेंगे तीन नए अर्बन हेल्थ सेंटर, स्वास्थ्य सेवाओं पर है मेयर का फोकस

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने नगर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति को प्राथमिकता देने के बाद अब नगर निगम का मुख्य लक्ष्य नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी कड़ी में नगर निगम क्षेत्र में तीन नए अर्बन हेल्थ सेंटर खोलने की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है, जिन्हें अगले एक माह के भीतर जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है।

मेयर ने शनिवार को नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्तमान में संचालित 11 अर्बन हेल्थ सेंटरों की कार्यप्रणाली को और अधिक व्यवस्थित, प्रभावी एवं जनहितकारी बनाया जाए ताकि लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के साथ कई महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए। मेयर ने कहा कि प्रत्येक हेल्थ सेंटर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हर समय बनी रहे। साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके अलावा बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण कार्यक्रम को और मजबूत बनाने, बुजुर्गों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने तथा सभी हेल्थ सेंटरों में एंटी रैबीज और स्नेक बाइट की दवाएं उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ समाज ही विकसित शहर की पहचान है। नगर निगम का उद्देश्य है कि मानगो का प्रत्येक नागरिक अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सके। इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने के साथ उनकी गुणवत्ता में भी लगातार सुधार किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी योजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर धरातल पर उतारने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर अमल सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि “स्वच्छ मानगो, स्वस्थ मानगो और समृद्ध मानगो” के संकल्प के साथ नगर निगम स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा देने के लिए तेजी से कार्य कर रहा है।

Read also – Jamshedpur Doctors Death Mystery : डिमना लेक में दो जूनियर डॉक्टरों की मौत का रहस्य गहराया, बार बार बयान बदल रहा है तीसरा जूनियर डॉक्टर

Related Articles