
कोडरमा : जिले के झुमरीतिलैया स्थित एक अस्पताल पर कथित तौर से इलाज में लापरवाही के कारण आकाश पासवान (28) नामक एक युवक की मौत हो गई। वह नवलशाही थाना क्षेत्र के रायडीह गांव का रहने वाला था। इस घटना के बाद उस युवक के परिजनों ने अस्पताल में जोरदार हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि गलत इंजेक्शन देने के कारण उसकी मौत हुई। उधर अस्पताल की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची और मामले को शांत कराने की कोशिश की।
इलाज के दौरान युवक की मौत, परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि आकाश सूरत से अपने घर आया हुआ था। शनिवार दोपहर उसकी अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए उक्त हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। रविवार दोपहर तक उसकी हालत में सुधार हो रहा था। इसी दौरान अस्पताल में उसे एक इंजेक्शन लगाया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक गंभीर हो गई।
रांची रेफर किया गया, रास्ते में मौत की आशंका
परिजनों का यह आरोप है कि युवक की हालत बिगड़ने के बाद अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। रांची ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। ऐसा परिजनों ने आशंका जताई है। इसके बाद वे आकाश को वापस उसी हॉस्पिटल में लेकर पहुंचे।युवक के अस्पताल पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई।
अस्पताल में हंगामे के बाद पहुंची पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल प्रबंधन की प्रतिक्रिया का इंतजार
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सकीय लापरवाही की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Read Also- Koderma Elephant Attack : कोडरमा में हाथियों ने जमकर मचाया उत्पात, एक ग्रामीण को पटक-पटक कर मार डाला

