
Dumka : पाकुड़ जिले के लिटटीपाड़ा थाना की पुलिस ने दो माह पहले दफनाए गए 55 साल के बांदरा पहाड़िया के शव का मंगलवार को मेडिकल कालेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस शव को लेकर चली गई। लिटटीपाड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि दो माह पहले बांदरा पहाड़िया की सड़क पर गिर जाने से मौत हो गई थी। उस समय घरवालों ने थाना को बिना सूचना दिए शव को दफना दिया। सोमवार को घर के लोगों ने थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि बांदरा की हादसे में मौत नहीं हुई थी। साजिश के तहत हत्या कर इसे हादसा का रूप देने का प्रयास किया गया। गांव के लोगों ने भी हत्या की बात बताई।
घरवालों ने पुलिस से मामला दर्ज कर दफनाए गए शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस ने एसडीओ को सारी वस्तुस्थिति से अवगत कराया। मंगलवार को मजिस्ट्रेट की अगुवाई में लिटटीपाड़ा थाना की पुलिस ने दफनाए गए शव को बाहर निकाला। दो माह तक जमीन में दबे रहने की वजह से शव पूरी तरह से सड़ चुका था। अस्पताल के डाक्टरों ने मेडिकल कालेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी। करीब एक घंटे तक चले पोस्टमार्टम के बाद लिटटीपाड़ा की पुलिस शव को लेकर चली गई।

