Home » Chaibasa News : गुवा में झारखंड मजदूर यूनियन की बैठक, मजदूरों के हक और रोजगार पर मंथन

Chaibasa News : गुवा में झारखंड मजदूर यूनियन की बैठक, मजदूरों के हक और रोजगार पर मंथन

बैठक में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने, DAV स्कूल में +2 की दो नई कक्षाएं और अस्पताल में डॉक्टर, दवा और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाये जाने की मांग की गई। 

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : गुवा स्थित झारखंड मज़दूर यूनियन कार्यालय में सोमवार को यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार की अध्यक्षता में अहम बैठक हुई। इसमें सप्लाई मजदूर संगठन, ठेका मजदूर संघ, ड्राइवर यूनियन सहित क्षेत्र के विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में मजदूरों की मौजूदा समस्याओं, उनके अधिकारों की रक्षा और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भी रणनीति बनाई गई।

रोजगार और लंबित मांगों पर जोर

प्रतिनिधियों ने स्थानीय बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने की मांग उठाई। बैठक में ठेका और सप्लाई मजदूरों की लंबित समस्याओं को जल्द हल करने, उचित मजदूरी और कार्यस्थल पर सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने पर भी बात हुई। महामंत्री हेमराज सोनार ने बताया कि सेल प्रबंधन के साथ हुई हालिया वार्ता में यूनियन की ओर से कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं। इसमें गुवा DAV पब्लिक स्कूल में +2 के छात्रों के लिए दो अतिरिक्त कक्षाएं शुरू करने का प्रस्ताव प्रमुख है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा की बढ़ती जरूरत को देखते हुए यह जरूरी है। इसके अलावा गुवा सेल अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने, अस्पताल के आधुनिकीकरण और समुचित विकास पर भी बल दिया गया। उन्होंने कहा कि मजदूरों और उनके परिवारों को बेहतर इलाज मिले इसके लिए अस्पताल में डॉक्टर, दवा और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाई जाए।

एकता से ही समाधान संभव

हेमराज सोनार ने कहा कि मजदूरों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। संगठित होकर ही हम अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि सेल प्रबंधन के साथ सकारात्मक संवाद के जरिए मजदूर हित और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों का हल निकाला जाएगा। बैठक में तय किया गया कि आगामी दिनों में यूनियन प्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रबंधन से फिर मुलाकात कर लंबित मांगों पर फॉलोअप करेगा।

Read Also

Related Articles