
Ranchi : शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और पैदल यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने सोमवार को एकरा मस्जिद से सुजाता चौक तक विशेष जांच एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार के नेतृत्व में चले अभियान में भवनों के सेटबैक, गिफ्ट डीड की जमीन, पार्किंग, ट्रेड लाइसेंस, अवैध विज्ञापन और होर्डिंग्स की जांच की गई।
अभियान के दौरान चर्च कॉम्प्लेक्स, रोसपा टावर, हेब्रोन सिटी बिल्डिंग समेत अन्य भवनों की गिफ्ट डीड की जमीन की मापी कर अतिक्रमण की स्थिति का चिन्हांकन किया गया। रोसपा टावर के गिफ्ट डीड क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित दो प्रतिष्ठानों को हटाया गया।
नगर निगम ने रोसपा टावर के सामने पार्किंग और गिफ्ट डीड की भूमि पर अनधिकृत विज्ञापन लगाने के मामले में रीबॉक और स्केचर्स शोरूम पर ₹25-25 हजार का जुर्माना लगाया। वहीं, सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए पांच ठेला, एक गुमटी और अन्य सामान जब्त किए गए।
अभियान के दौरान 12 फीट से कम ऊंचाई वाले होर्डिंग और मोनोपोल को भी चिन्हित कर हटाया गया। इसके अलावा रोड मीडियन पर लगाए गए मोनोपोल के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार ने कहा कि मास्टर प्लान के अनुरूप रांची को व्यवस्थित और यातायात की दृष्टि से बेहतर बनाने के लिए जांच एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। भवन उपविधि के उल्लंघन, अतिक्रमण, अवैध विज्ञापन और अन्य अनियमितताओं के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Read Also: Ranchi News : कोल इंडिया में 100 अधिकारियों की पदोन्नति की सिफारिश, CCL के 13 अधिकारी शामिल

