
Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू स्थित नीलकंठ निलायम अपार्टमेंट में रविवार को एक बंद फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण एसी में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के समय फ्लैट मालिक राहुल मजूमदार अपने परिवार के साथ घर से बाहर गए हुए थे।
बताया गया कि फ्लैट के एक कमरे से अचानक तेज धुआं निकलने लगा, जिसे देखकर अपार्टमेंट के अन्य निवासियों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल फ्लैट के अंदर आग लगने की आशंका जताई और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
एसी का जलता हिस्सा बेड पर गिरा
जानकारी के अनुसार, परिवार के बाहर जाने से पहले कमरे का एसी और बिजली के स्विच बंद थे। इसके बावजूद अचानक एसी में शॉर्ट सर्किट हुआ और तेज आवाज के साथ उसका जलता हुआ हिस्सा नीचे रखे बेड पर जा गिरा। इसके बाद पलंग, गद्दे और कमरे में रखा अन्य सामान आग की चपेट में आ गया।
धुआं निकलता देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। फ्लैट बंद होने के कारण निवासियों ने दरवाजा और जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अपार्टमेंट में उपलब्ध अग्निशामक यंत्रों और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने के कारण आग अन्य फ्लैटों तक नहीं फैल सकी और एक बड़ा हादसा टल गया।
सूचना के करीब एक घंटे बाद पहुंची दमकल
घटना की जानकारी तत्काल अग्निशमन विभाग को दे दी गई थी। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। तब तक अपार्टमेंट के लोगों ने खुद ही आग पर काबू पा लिया था।
दमकल की गाड़ी के देर से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी और आक्रोश देखा गया। निवासियों ने आरोप लगाया कि आग जैसी गंभीर घटना में दमकल की देरी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। हालांकि, स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
Read Also: Jamshedpur Big Breaking : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की परीक्षा नियंत्रक ने दिया इस्तीफा!

