
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत केनके पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में सामाजिक वानिकी प्रमंडल, चाईबासा द्वारा 77वें वन महोत्सव कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
विद्यालय परिसर पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज से विधायक का भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात विधायक सुखराम उरांव ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक स्वागत गीत और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वन महोत्सव के दौरान विधायक सुखराम उरांव, डीएफओ आदित्य नारायण और आरएफओ जितेंद्र कुमार प्रसाद ने विद्यालय प्रांगण में फलदार एवं छायादार पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्याओं से निपटने के लिए पौधारोपण ही एकमात्र सबसे प्रभावी उपाय
पौधारोपण के उपरांत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुखराम उरांव ने कहा पर्यावरण में आ रहे बदलाव और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्याओं से निपटने के लिए पौधारोपण ही एकमात्र सबसे प्रभावी उपाय है। पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं और स्वच्छ हवा एवं शुद्ध वातावरण के लिए इनका होना अत्यंत आवश्यक है। केवल पौधे लगाना ही हमारी जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि एक अभिभावक की तरह उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। हमें पौधारोपण को एक सरकारी कार्यक्रम न मानकर हर घर का जन-अभियान बनाना होगा ताकि आने वाली पीढ़ियों को हम एक हरा-भरा और सुरक्षित भविष्य सौंप सकें।
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं वक्ताओं ने ग्रामीणों तथा छात्र-छात्राओं को वनों के संरक्षण, वृक्षारोपण के लाभ और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के प्रति विस्तार से जागरूक किया।इस अवसर पर स्थानीय मुखिया श्याम सिंह मुंडा, वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

