
Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को रांची के डोरंडा स्थित हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की मजार पर आयोजित 219वें उर्स में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने परंपरा के अनुसार मजार पर चादरपोशी की और झारखंड की सुख-समृद्धि, अमन-चैन, प्रगति एवं खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की शिक्षाएं प्रेम, भाईचारे, इंसानियत और आपसी सौहार्द का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि उर्स का यह पवित्र अवसर लोगों को सामाजिक सद्भाव और एकजुटता का संदेश देता है।
हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए झारखंड में आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की भावना को और मजबूत करने की दुआ की। मुख्यमंत्री ने उर्स में शामिल सभी अकीदतमंदों और झारखंडवासियों को उर्स की शुभकामनाएं भी दीं। गाैरतलब है कि इस मौके पर सीएम के साथ कई झामुमो नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने भी बाबा की मजार पर चादर पोशी की और दुआएं मांगी। गौरतलब है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हर साल बाबा रिसालदार की मजार पर जाकर चादरपोशी करते हैं और दुआ मांगते हैं। जब झारखंड के सीएम भाजपा नेता रघुवर दास थे तब वह भी इस मजार पर जाकर चाादर चढ़ाया करते थे।

