
गिरिडीह : जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ धनबाद एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। एक पुलिस अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम पुनीत कुमार गौतम है। वह गिरिडीह के साइबर थाने में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात था। एसीबी ने यह पूरी कार्रवाई बुधवार को साइबर थाने के ठीक मुख्य द्वार के पास अंजाम दी।
दारोगा की अचानक हुई इस गिरफ्तारी से पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। एसीबी की टीम सभी जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को अपने साथ धनबाद ले गई है।
एक पीड़ित व्यक्ति ने धनबाद एसीबी कार्यालय पहुंचकर सब इंस्पेक्टर के खिलाफ घूस मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो के अधिकारियों ने गुप्त तरीके से मामले की जांच कराई। जांच में शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसीबी ने आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
सादे कपड़ों में पहले से तैनात थी टीम
तय रणनीति के तहत बुधवार को शिकायतकर्ता 30 हजार रुपये की नकद राशि लेकर साइबर थाने के पास पहुंचा। एसीबी की विशेष टीम पहले से ही सादे कपड़ों में आसपास तैनात थी। जैसे ही सब इंस्पेक्टर ने पीड़ित से घूस के पैसे अपने हाथ में लिए, घात लगाए बैठी टीम ने उसे तुरंत दबोच लिया।
एसीबी की टीम ने मौके पर ही नोटों को जब्त किया और वैधानिक औपचारिकताएं पूरी कीं। हालांकि, अभी तक यह पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है कि आरोपी अधिकारी ने किस काम के बदले यह रिश्वत मांगी थी।
एसीबी के अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत पूछताछ और अधिकारिक जांच के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी। फिलहाल धनबाद स्थित एसीबी दफ्तर में आरोपी सब इंस्पेक्टर से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस महकमे में अपने ही साथी के इस तरह पकड़े जाने से तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि पूछताछ पूरी होने के बाद एसीबी इस मामले में और भी बड़े खुलासे कर सकती है।
Read Also: Dhanbad Crime: शादी के नाम पर राजस्थान से बुलाया धनबाद, गहने – कपड़े खरीदवाए, सिंदूरदान के बाद शुरू कर दी मारपीट, लुटेरी दुल्हन गैंग के 10 गिरफ्तार

