Home » Potka Crime : कोवाली में फुटबॉल खिलाड़ियों ने मचाया उत्पात, भाजपा नेता के भाई को घर में घुसकर पीटा

Potka Crime : कोवाली में फुटबॉल खिलाड़ियों ने मचाया उत्पात, भाजपा नेता के भाई को घर में घुसकर पीटा

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हेंसड़ा पंचायत के रोलाडीह गांव में फुटबॉल खिलाड़ियों के एक जत्थे पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना में भाजपा के कोवाली मंडल अध्यक्ष श्यामल महाकुड़ के 32 वर्षीय भाई बहादुर महाकुड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोट आई है। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके माता-पिता को भी चोटें लगी हैं।

गौरतलब है कि चाकड़ी पंचायत के दामूडीह गांव के कुछ फुटबॉल खिलाड़ी नाचोसाई में आयोजित प्रतियोगिता का मैच खेलकर बाइक से घर लौट रहे थे। रोलाडीह में श्यामल महाकुड़ के घर के समीप एक खिलाड़ी ने कथित तौर पर उल्टी कर दी। इससे वहां गंदगी फैल गई। परिजनों के विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि इसके बाद खिलाड़ी अपने गांव लौट गए और 15 से 20 युवकों के साथ लोहे के पाइप व अन्य हथियार लेकर दोबारा रोलाडीह पहुंचे। युवकों ने घर में घुसकर बहादुर महाकुड़ पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। बीच-बचाव करने आए उनके माता-पिता को भी चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मामले की जांच जारी है। इधर, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्यामल महाकुड़ घायल भाई को इलाज के लिए हल्दीपोखर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को लिखित शिकायत नहीं मिली थी।

Read also – Seraikela News : गम्हरिया में बंद घर से 30 लाख के जेवर और 28 हजार नकद चोरी

Related Articles

Leave a Comment