
Jamshedpur : टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट लिमिटेड (टीएसडीपीएल) यूनियन में कर्मचारियों के हित में हुए बेहतर वार्षिक प्रॉफिट बोनस समझौते और 25 लाख रुपये के ग्रुप इंश्योरेंस की सुविधा लागू कराने की पहल को लेकर बुधवार को यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय का अभिनंदन किया गया। यूनियन के कमेटी सदस्यों ने माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया तथा कर्मचारियों के हित में किए गए प्रयासों के लिए आभार जताया।
कमेटी सदस्यों ने कहा कि हाल में संपन्न बोनस समझौते के अलावा ग्रेड समझौते के तहत कर्मचारियों के लिए 25 लाख रुपये के ग्रुप इंश्योरेंस की सुविधा की पहल महत्वपूर्ण है। इस बीमा सुविधा का लाभ लेने के लिए कर्मचारियों को निर्धारित अंशदान की राशि प्रतिमाह देनी होगी। सदस्यों के अनुसार, इस फैसले से कर्मचारियों और उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
अभिनंदन के दौरान यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाना यूनियन की प्राथमिकता है। बोनस समझौते के साथ 25 लाख रुपये के ग्रुप इंश्योरेंस की सुविधा लागू होना कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन के साथ सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद के माध्यम से कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए यूनियन आगे भी लगातार प्रयास करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता तथा यूनियन पदाधिकारियों और कमेटी सदस्यों के सहयोग से ही ऐसे फैसले संभव होते हैं। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महामंत्री त्रिदेव सिंह, सच्चिदानंद, प्रमोद उपाध्याय, राजेश कुमार, शशि मिश्रा, रंजन मिश्रा, शशि वीर राणा, अमन, दिनेश कुमार, मनोज कुमार सिंह, अरुण त्रिपाठी, कौलेश कुमार, उपेंद्र राय, अनीश झा, सीबी सिंह समेत अन्य कमेटी सदस्य उपस्थित थे।

