
रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सामाजिक संस्थाओं से सुदूरवर्ती गांवों को गोद लेकर वहां शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास से जुड़े कार्यों को गति देने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक समृद्धि केवल आर्थिक संपन्नता से नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा-भाव से भी मापी जाती है।
राज्यपाल शुक्रवार को महाराजा अग्रसेन भवन, रांची में अग्रवाल सभा के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अग्रवाल सभा की पांच दशक की यात्रा को संस्था के सामाजिक समर्पण और प्रतिबद्धता का परिचायक बताया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कमजोर और वंचित वर्गों तक सहयोग का दायरा बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने की अपील की। कहा कि दहेज-मुक्त और सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने के साथ विवाह में सादगी और सीमित खर्च को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। युवाओं को दहेज न लेने और न देने का संकल्प लेकर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।
राज्यपाल ने युवाओं और महिलाओं की शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और सामाजिक कार्यों में भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जो संस्था अपनी नई पीढ़ी को तैयार करती है, वही अपने भविष्य को मजबूत बनाती है। उद्योग, व्यापार, उद्यमिता और नवाचार देश की आर्थिक प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। अग्रवाल समाज की व्यापार और उद्यमिता की परंपरा झारखंड में नए उद्यमों और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने में उपयोगी हो सकती है। ‘

