
डीसी ने शहर के पूजा पंडालों का किया निरीक्षण, सुरक्षा मानकों का पालन कराने का निर्देश
रांची : दुर्गापूजा के दौरान पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पंडालों में अग्निशमन उपकरण, विद्युत व्यवस्था, आपातकालीन निकास, प्रवेश-निकास, भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी, पार्किंग और यातायात व्यवस्था की जांच की गयी।
डीसी ने पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। पंडालों में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण रखने और आपातकालीन निकास मार्ग को हर समय अवरोधमुक्त रखने को कहा गया। प्रवेश और निकास के लिए अलग एवं सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि भीड़ बढ़ने पर श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं हो।
भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया। महिला, बच्चों, दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया।
विद्युत व्यवस्था की जांच के दौरान खुले और असुरक्षित तारों को तत्काल व्यवस्थित करने तथा सभी कनेक्शन सुरक्षा मानकों के अनुरूप रखने को कहा गया। पंडाल परिसर में ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल और रखरखाव में भी निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया।
पूजा समितियों को पुलिस और प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने तथा पार्किंग और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय रखने का निर्देश दिया गया।
प्रशासनिक टीम ने आरआर स्पोर्टिंग क्लब, बकरी बाजार, राजस्थान मित्र मंडल, ओसीसी क्लब, जिला स्कूल रामलाला, चंद्रशेखर क्लब, कोकर, बूटी मोड़, चुटिया, हरमू पंच मंदिर और हरमू बाइपास रोड स्थित सत्य अमर लोक पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।

