
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले की किरीबुरू थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस कस्टडी से हथकड़ी समेत फरार हुए आरोपी को महज 72 घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी किरीबुरू मेन मार्केट निवासी 19 वर्षीय आफताब खान उर्फ टैंगर, पिता जमीर हुसैन है।
जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को पुलिस ने आफताब खान को कांड संख्या 15/26 में पूछताछ के लिए किरीबुरू थाना लाया था। पूछताछ के बाद जब पुलिस गिरफ्तारी की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही थी, तभी वह पुलिस को चकमा देकर हाथ में लगी हथकड़ी और रस्सी के साथ थाने से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ किरीबुरू थाना में कांड संख्या 16/26 के तहत बीएनएस की धारा 262/303(2) एवं लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 03 के तहत नया मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (किरीबुरू) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन दिन के भीतर आरोपी को पुनः गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टूटी हुई हथकड़ी, कटी हुई रस्सी और 2.5 फीट लंबा लोहे का सब्बल बरामद किया है।
छापामारी दल में एसडीपीओ बिनित कुमार किन्डो, इंस्पेक्टर समीर तिर्की, थाना प्रभारी रोहित कुमार, थाना प्रभारी नितिश कुमार, पुअनि पीयूष नाग, पुअनि जितेन्द्र कुमार सहित किरीबुरू, गुवा थाना और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

