
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। मामले की सूचना मिलते ही मंगलवार को आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जॉन मिरन मुंडा और जिला परिषद सदस्य मानसिंह त्रिया ने विद्यालय पहुंचकर घटना का जायजा लिया।
प्राचार्य और शिक्षक पर गंभीर आरोप
जांच के दौरान पीड़ित विद्यार्थियों ने जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी आपबीती सुनाई। छात्रों का आरोप है कि प्रधानाचार्य और शिक्षक छोटी-छोटी गलतियों पर छड़ी से हिंसक पिटाई करते हैं।विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने के आड़ में भय का माहौल व्याप्त कर दिया गया है। निरीक्षण के समय कक्षा के छात्र उत्तम हेंब्रम के दोनों पैरों पर छड़ी के गहरे निशान पाए गए। पीड़ित छात्र ने आरोप लगाया कि शिक्षक सतीश सिंह ने उसकी बेरहमी से पिटाई की थी। जनप्रतिनिधियों ने परिसर का भ्रमण कर अन्य बच्चों से भी गुप्त रूप से पूछताछ की और स्थिति का जायजा लिया।
दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग
पूर्व जिला परिषद सदस्य जॉन मिरन मुंडा ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि एकलव्य विद्यालयों की स्थापना आदिवासी बच्चों को भयमुक्त वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य से की गई है। यदि विद्यालय में बच्चों के साथ मारपीट के आरोप सिद्ध होते हैं, तो दोषी प्राचार्य और संबंधित शिक्षक के खिलाफ अविलंब सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। बच्चों के प्रति किसी भी प्रकार का अत्याचार या प्रताड़ना कतई सहन नहीं की जाएगी।”
वीडियो हुआ वायरल, प्रबंधन साधे है चुप्पी
घटना से जुड़ा एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शिक्षक छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, प्रशासनिक जांच के बाद ही वायरल वीडियो की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।दूसरी ओर, इस पूरे घटनाक्रम पर विद्यालय प्रशासन का रुख उपेक्षापूर्ण रहा है। समाचार लिखे जाने तक स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है और अधिकारियों ने इस विषय पर बात करने से भी परहेज किया।

