Home » Indian Railway: संताल परगना के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात,भागलपुर-दुमका के बीच बिछेगी दूसरी रेल लाइन,ढाई साल में पूरा होगा काम

Indian Railway: संताल परगना के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात,भागलपुर-दुमका के बीच बिछेगी दूसरी रेल लाइन,ढाई साल में पूरा होगा काम

ढाई साल में पूरा होगा 113 किमी लंबा प्रोजेक्ट, अब ट्रेनों की लेट-लतीफी से मिलेगी राहत, लंबी दूरी की नई गाड़ियां चलने का रास्ता साफ।

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

​देवघर: झारखंड के संताल परगना क्षेत्र के लोगों के लिए भारतीय रेलवे की ओर से एक बेहद राहत भरी और बड़ी खबर सामने आई है। भागलपुर से दुमका के बीच रेल सफर को सुगम और तेज बनाने के लिए रेलवे प्रशासन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। पूर्व रेलवे ने इस पूरे रेलखंड पर दूसरी पटरी बिछाने के लिए 1344.87 करोड़ रुपये का मेगा ई-टेंडर जारी कर दिया है।

भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट दोहरीकरण परियोजना के तहत भागलपुर जंक्शन से दुमका जंक्शन तक फैली लगभग 112.9 किलोमीटर लंबी रेललाइन को डबल ट्रैक में बदला जाएगा। रेलवे ने इस महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए 30 महीने (ढाई साल) का लक्ष्य रखा है।

30 नवंबर को प्री-बिड मीटिंग

इस टेंडर प्रक्रिया के तहत 30 नवंबर 2026 को प्री-बिड मीटिंग बुलाई गई है। इसके बाद कंपनियों के लिए 15 जनवरी 2027 से बिडिंग शुरू होगी, जो 29 जनवरी 2027 तक चलेगी।
टेंडर में सिर्फ नई पटरी बिछाना ही शामिल नहीं है, बल्कि मिट्टी की कटाई-भराई, पुल-पुलियों का निर्माण, पटरियों का आधुनिक इलेक्ट्रिफिकेशन और नया सिग्नल व टेलीकॉम सिस्टम लगाना भी शामिल है।
काम को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के लिए चार सदस्यों तक के ज्वाइंट वेंचर को भी इस टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा लेने की छूट दी गई है।

​ट्रेनों की बढ़ेगी रफ्तार,सफर होगा आसान

वर्तमान में इस रूट पर केवल एक ही रेल लाइन (सिंगल ट्रैक) है। इस वजह से जब एक तरफ से ट्रेन आती है, तो दूसरी तरफ की ट्रेन को क्रॉसिंग के लिए स्टेशनों पर काफी देर तक खड़ा रखना पड़ता है।
​दूसरा ट्रैक तैयार हो जाने से ​ट्रेनों को क्रॉसिंग के लिए बेवजह इंतजार नहीं करना पड़ेगा और परिचालन बहुत सुचारू हो जाएगा।

​हंसडीहा, नोनीहाट और दुमका क्षेत्र से दिल्ली व अन्य बड़े महानगरों के लिए सीधी और लंबी दूरी की नई ट्रेनें चलाने का रास्ता साफ हो जाएगा।

​क्षेत्रीय विकास को मिलेगी रफ्तार

स्थानीय सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन संताल परगना को बेहतर कनेक्टिविटी देने का है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इस दोहरीकरण के लिए आग्रह किया गया था और अब टेंडर जारी होना पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होते ही संताल परगना में यात्री सुविधाओं और व्यापार दोनों में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
Read Also:  Jharkhand News: सिल्ली में खेरबेड़ा डैम टूटा, पानी में डूबी किसानों की मेहनत,मवेशी बहे, बाजारों और घरों में घुसा पानी

 

 

 

Related Articles

Leave a Comment