Home » West Singhbhum News : कोल्हान में रेल सुविधाएं बेहतर बनाने को लेकर चाईबासा चेम्बर ने DRM से की मुलाकात, कई मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन

West Singhbhum News : कोल्हान में रेल सुविधाएं बेहतर बनाने को लेकर चाईबासा चेम्बर ने DRM से की मुलाकात, कई मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र में रेल यात्री सुविधाओं को मजबूत करने की मांग को लेकर चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने DRM को यात्रियों की समस्याओं से जुड़ा एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन रहे शामिल

प्रतिनिधिमंडल में चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष एवं चेम्बर के पूर्व अध्यक्ष नितिन प्रकाश, चेम्बर अध्यक्ष संजय चौबे, पूर्व अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजीव खिरवाल, संयुक्त सचिव गोविंदा खेतान और विवेक कुमार सिन्हा शामिल थे।बैठक की शुरुआत में प्रतिनिधिमंडल ने DRM तरुण हुरिया का स्वागत किया और चक्रधरपुर मंडल में उनके नेतृत्व में हो रहे कार्यों की सराहना की। साथ ही उम्मीद जताई कि उनके कार्यकाल में कोल्हान की लंबित रेल संबंधी समस्याओं का समाधान होगा।

जनशताब्दी एक्सप्रेस की समयबद्धता बनी मुख्य मांग

चर्चा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि चक्रधरपुर मंडल भारतीय रेल में सबसे अधिक राजस्व देने वाले मंडलों में से एक है, लेकिन कोल्हान में अब भी यात्रियों की कई बुनियादी सुविधाओं की कमी है। खासकर बड़बिल-हावड़ा जनशताब्दी एक्सप्रेस इस क्षेत्र की लाइफलाइन है, लेकिन पिछले कुछ समय से इसके अनियमित चलने से छात्रों, मरीजों, व्यापारियों और आम यात्रियों को खासी परेशानी हो रही है। प्रतिनिधिमंडल ने इस ट्रेन का समय पर और नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग सबसे ऊपर रखी।

ज्ञापन में रखीं ये प्रमुख मांगें

चेम्बर ने DRM को सौंपे ज्ञापन में ये मांगें शामिल

– बड़बिल-हावड़ा जनशताब्दी एक्सप्रेस का समयबद्ध और नियमित परिचालन किया जाए।

– भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी और पुरी-हरिद्वार उत्कल एक्सप्रेस को बांसपानी-चाईबासा मार्ग से चलाया जाए।

– चाईबासा स्टेशन के पश्चिमी गेट का विकास और सौंदर्यीकरण पूर्वी गेट की तर्ज पर किया जाए।

– चाईबासा, डोंगापोसी, नोवामुंडी और बड़ा जामदा स्टेशनों पर पर्याप्त यात्री शेड और आधुनिक वेटिंग रूम बनाए जाएं।

– चाईबासा से गुवा के बीच सभी प्रमुख लेवल क्रॉसिंग पर चरणबद्ध तरीके से ROB का निर्माण हो।

प्लेटफॉर्म लंबाई और नए स्टेशन का मुद्दा भी उठा

प्रतिनिधिमंडल ने चाईबासा स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की कम लंबाई का मुद्दा भी उठाया। बताया गया कि कई बार ट्रेन के अंतिम दो कोच प्लेटफॉर्म से बाहर रह जाते हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों को चढ़ने-उतरने में दिक्कत होती है।इस पर DRM तरुण हुरिया ने अधिकारियों को प्लेटफॉर्म की तुरंत तकनीकी जांच कर जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि हाता में नए रेलवे स्टेशन का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जा चुका है। साथ ही पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां तीनों जिलों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने की योजना पर भी काम चल रहा है।जनशताब्दी एक्सप्रेस को लेकर DRM ने कहा कि ट्रेन की पंचुअलिटी में पहले से सुधार हुआ है और आने वाले दिनों में इसे और समयनिष्ठ बनाने के प्रयास जारी हैं।बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। DRM ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार का भरोसा दिया और कहा कि यात्री सुविधाएं रेलवे की प्राथमिकता हैं। संसाधन और तकनीकी स्थिति के अनुसार जरूरी कदम उठाए जाएंगे।चाईबासा चेम्बर ने कहा कि रेलवे और चेम्बर के बीच इस तरह का संवाद आगे भी जारी रहेगा, ताकि कोल्हान के लाखों यात्रियों को बेहतर सुविधा मिले और क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और आर्थिक विकास को गति मिले।

Read Also West Singhbhum News : झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ के आह्वान पर पश्चिमी सिंहभूम के स्कूलों में काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध

Related Articles