चक्रधरपुर : देशभर के साथ झारखंड में भी शनिवार को धूमधाम से ईद की धूम देखने को मिल रही है। यहां पश्चिमी सिंहभूम जिले के पोड़ाहाट अनुमंडल की विभिन्न मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। इस दौरान नमाजियों ने देश के अमन-चैन के साथ भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की दुआ मांगी। पोड़ाहाट अनुमंडल में ईद-उल-फितर का त्योहार धूमधाम के साथ मनाया गया। शनिवार की सुबह से ही मुस्लिम मुहल्लों में चहल-पहल रही। सुबह मस्जिदों में ईद की नमाज अदा करने के लिए नमाजियोंं की काफी भीड़ रही। उन्होंने बेहतर जीवन जीने और आचरण सुधारने पर जोर दिया। वहीं, नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाई दी। ईद को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
चक्रधरपुर की 13 मस्जिदों में अदा की गई नमाज
चक्रधरपुर की 13 मस्जिदों में नमाजियों ने ईद की नमाज पढ़ी। सभी मुसलमान नए वस्त्र पहनकर नमाज अदा करने मस्जिदों में पहुंचे थे। चक्रधरपुर, सोनुवा, गोइलकेरा, मनोहरपुर में नमाज अदा की गई।
एसडीओ ने की निगरानी

ईद की नमाज अदा करने के दौरान एसडीओ श्रुति राजलक्ष्मी, प्रखंड विकास पदाधिकारी कांचन मुखर्जी, अंचल अधिकारी सुरेश कुमार सिन्हा ने निगरानी की। शहर की जामा मस्जिद में 9 बजे नमाज पढ़ी गई। यहां सबसे ज्यादा भीड़ रही। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने राजबाड़ी रास्ते पर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी। वहीं शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर भी रोक थी। महात्मा गांधी हाई स्कूल के समीप वाहनों को रोका गया था। चक्रधरपुर थाना द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही थी।

