Home » Chakradharpur News : पोड़ाहाट वन प्रमंडल में 76वां वन महोत्सव संपन्न, ग्रामीणों के बीच वितरित की गई परिसंपत्तियां

Chakradharpur News : पोड़ाहाट वन प्रमंडल में 76वां वन महोत्सव संपन्न, ग्रामीणों के बीच वितरित की गई परिसंपत्तियां

76th Van Mahotsav Program : डीएफओ नीतीश कुमार ने कहा कि पर्यावरण सुरक्षा के लिए पेड़ों की अहम भूमिका है। वन विभाग इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है और ग्रामीणों को भी इसके लिए प्रेरित किया जा रहा है।

by Rajeshwar Pandey
Forest department officials distributing solar equipment and assets to villagers during the 76th Van Mahotsav in Chakradharpur's Podahat Forest Division.
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड स्थित आसनतलिया पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुरांगटांड मैदान में मंगलवार को 76वां वन महोत्सव कार्यक्रम (76th Van Mahotsav Program) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के पोड़ाहाट वन प्रमंडल, चाईबासा के तत्वावधान में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में पहुंचे चाईबासा विधायक सुखराम उरांव ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और ग्रामीणों से प्रकृति के संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की।

विधायक सुखराम उरांव ने अपने संबोधन में कहा कि आदिवासी और मूलवासी वन को जिस तरह समझते हैं, वह विभाग भी नहीं समझ सकता। वन में रहने वाले लोग ही बेहतर तरीके से उसकी रक्षा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भोजन के बिना हम कुछ समय जी सकते हैं, लेकिन ऑक्सीजन के बिना जीवन असंभव है, इसलिए पेड़-पौधों का होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रकृति का दोहन करने वालों को रोकना चाहिए, लेकिन वन क्षेत्र में रहने वाले बेरोजगारों और जरूरतमंदों को सहयोग भी मिलना चाहिए।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त चंदन कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन विकास योजनाओं को लेकर लगातार काम कर रहा है। जहां-जहां अधोसंरचना की कमी है, वहां वन विभाग के सहयोग से चेक डैम, सड़क और पर्यटन स्थल के विकास की दिशा में पहल की जा रही है।

डीएफओ नीतीश कुमार ने कहा कि पर्यावरण सुरक्षा के लिए पेड़ों की अहम भूमिका है। वन विभाग इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है और ग्रामीणों को भी इसके लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा ग्रामीणों को परिसंपत्तियों का वितरण कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम (76th Van Mahotsav Program) की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ और शाल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान हांडीमारा व आसनतलिया के स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंच संचालन शिक्षक सुभाष तिवारी ने किया। मौके पर पंचायत की मुखिया कैरी बोदरा, आरएफओ शंकर भगत, वन क्षेत्र पदाधिकारी ललन कुमार उरांव, प्रखंड विकास पदाधिकारी कांचन मुखर्जी, पूर्व मुखिया नरसिंह बोदरा, मुंडा संजय कुमार महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

वन महोत्सव के अवसर पर ग्रामीणों के बीच विभिन्न प्रकार की परिसंपत्तियां वितरित की गईं। इनमें महुआ नेट, आनाज रखने के डिब्बे, सोलर लाइट और टी-शर्ट शामिल हैं। लाभुकों में पटना आंगारिया, गोपीनाथ आंगारिया, प्रधान बोदरा, ईश्वर चंद्र महतो, गोनो दोंगो, मारतम हेंब्रम, रवि महतो, कल्याण टोप्पो, रमेश नायक, रोथो राम हांसदा समेत कई ग्रामीणों के नाम शामिल हैं।

कार्यक्रम (76th Van Mahotsav Program) के अंत में अतिथियों ने विद्यालय परिसर में फलदार और छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संतुलन का संदेश दिया। विधायक सुखराम उरांव ने अपने नाम का पौधा लगाकर उसे जीवित रखने का संकल्प लिया। अतिथियों ने लोगों से अपील की कि वे जीवन में कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसे सुरक्षित रखें।

Read Also : CHAIBASA NEWS: चक्रधरपुर की अदिति कुंडू को मिला राष्ट्रपति पुरस्कार, स्काउटिंग में रच दिया इतिहास

Related Articles