
रांची: झारखंड में सड़क सुरक्षा और आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण को नई दिशा देने की तैयारी पूरी हो गई है। राज्य के परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच मंगलवार (28 जुलाई) को जमशेदपुर में इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (आईडीटीआर) की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर होंगे। यह समारोह प्रोजेक्ट भवन, धुर्वा में आयोजित किया जाएगा।
प्रस्तावित संस्थान पूर्वी सिंहभूम जिले के टेल्को क्षेत्र के समीप मनपीठा मौजा में 1.88 एकड़ भूमि में स्थापित किया जाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत 22.03 करोड़ रुपये है। इसमें सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, झारखंड सरकार और टाटा मोटर्स की साझेदारी से संस्थान विकसित होगा। परियोजना को राज्य मंत्रिमंडल की स्वीकृति भी मिल चुकी है। टाटा मोटर्स करीब 1.82 करोड़ रुपए का निवेश करेगी।
आईडीटीआर को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यहां हल्के और भारी वाहनों के चालकों के लिए सिम्युलेटर आधारित प्रशिक्षण, आधुनिक टेस्ट ट्रैक, रक्षात्मक (डिफेंसिव) ड्राइविंग, सड़क सुरक्षा, ईंधन दक्षता तथा आपातकालीन परिस्थितियों में वाहन संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा व्यावसायिक चालकों के कौशल उन्नयन, लाइसेंस से पहले प्रशिक्षण और सड़क सुरक्षा से जुड़े अनुसंधान कार्य भी किए जाएंगे।
सरकार का मानना है कि इस संस्थान के शुरू होने से राज्य में प्रशिक्षित चालकों की उपलब्धता बढ़ेगी, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी तथा युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। एमओयू हस्ताक्षर समारोह में परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे

