
Jamshedpur : टाटा स्टील स्पोर्ट्स द्वारा आयोजित चार दिवसीय द्वितीय टाटा स्टील रैकेट्स स्पोर्ट्स फेस्ट 2026 का सोमवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता में झारखंड, ओडिशा और बिहार सहित विभिन्न राज्यों के 365 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया
चार खेलों में हुआ रोमांचक मुकाबला
चार दिनों तक चले इस खेल महोत्सव का उद्देश्य रैकेट खेलों को बढ़ावा देना, फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना और खेल भावना का विकास करना था। प्रतियोगिता में बैडमिंटन, लॉन टेनिस, स्क्वैश और पिकलबॉल की स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
बैडमिंटन में सबसे अधिक प्रतिभागी
प्रतियोगिता में कुल 365 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें बैडमिंटन में 206, लॉन टेनिस में 72, पिकलबॉल में 74 तथा स्क्वैश में 13 खिलाड़ियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
तीन राज्यों के खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
प्रतियोगिता में ओडिशा के राउरकेला और मेरामंडली, बिहार की राजधानी पटना तथा झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, गिरिडीह, चाईबासा, सरायकेला और बोकारो स्टील सिटी सहित कई शहरों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के विद्यार्थियों की भागीदारी ने इस आयोजन को और अधिक क्षेत्रीय एवं प्रतिस्पर्धी बनाया।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
समापन समारोह में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदरा रामम, चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी तथा स्पोर्ट्स एंड ट्रेनिंग सेंटर्स के प्रमुख कैप्टन मनीष सिन्हा ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। अतिथियों ने खिलाड़ियों की खेल भावना, अनुशासन और उत्साह की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध टाटा स्टील
इस अवसर पर डी.बी. सुंदरा रामम ने कहा कि टाटा स्टील खेलों और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। कंपनी अपने परिचालन क्षेत्रों के साथ-साथ व्यापक समाज में भी खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजनों का नियमित रूप से आयोजन करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि टाटा स्टील रैकेट्स स्पोर्ट्स फेस्ट का दूसरा संस्करण यह साबित करता है कि कंपनी केवल औद्योगिक विकास ही नहीं, बल्कि खेल प्रतिभाओं को निखारने और कर्मचारियों व समुदाय के बीच खेलों के माध्यम से बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए भी लगातार प्रयासरत है।

