
चाईबासा : राज्य भर में जिले की सभी नदियाें से बालू उठाव पर एनजीटी की रोक है। लेकिन तांतनगर व सदर प्रखंड क्षेत्र में बालू खनन व परिवहन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को अवैध बालू ढुलाई करते 1 ट्रैक्टर को तांतनगर-चाईबासा सड़क पर स्थित तुईबीर गांव के पास मुफस्सिल थाने की पुलिस ने जब्त कर लिया है। ट्रैक्टर को मुफस्सिल थाना में रखा गया है। हालांकि ट्रैक्टर चालक पुलिस को देखकर भागने में सफल रहे। ट्रैक्टर चालक और मालिकों की छानबीन की जा रही है।
चाईबासा व झींकपानी में ले जाकर ऊंचे दामों में बेची जा रही
बता दें कि मॉनसून को लेकर यह आदेश हर साल जिला प्रशासन को दिया जाता है। लेकिन जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड क्षेत्र में लगातार नदियों से अवैध रूप से बालू का उठाव लगातार किया जा रहा है। जिसका अवैध रूप से खनन और उठाव करनेवाले लोग लाभ उठा रहे हैं। ट्रैक्टर मालिकों और चालकों का गिरोह शाम ढलते ही तांतनगर व सदर प्रखंड के विभिन्न नदी घाटों से प्रत्येक दिन लगभग 40 से 50 ट्रैक्टर बालू का उठाव किया जा रहा है। यहां से चाईबासा, झींकपानी आदि जगहों तक ले जाकर ऊंचे दामों में बेची जा रही है। जिस पर टॉस्क फोर्स रोक लगा पाने में अक्षम साबित हो रहा है।
ट्रैक्टर की आवाजाही से राहगीर रहते हैं परेशान
तांतनगर-चाईबासा मुख्य सड़क पर चलने वाले लोग सुबह से ही ट्रैक्टर की आवाजाही से परेशान हैं। यही नहीं नदी घाट से मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए कई गांव से होकर ट्रैक्टर को गुजरना पड़ता है। सुबह से ही ट्रैक्टर आने-जाने के कारण गांववासी काफी परेशान हैं। ग्रामीण क्षेत्र की सड़के पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क जर्जर होने के कारण आने-जाने में गांव के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि सुबह होते ही बालू ढोने के लिए ट्रैक्टर का आना-जाना शुरू हो जाता है। इन दिनों ट्रैक्टर चालको द्वारा दिन में विभिन्न नदियों से बालू लद कर गांव के आसपास डंप किया जाता है लेकिन शाम होते ही चाईबासा झींकपानी आदि जगहों पर पहुंचाया जाता है।
नहीं होती है संयुक्त छापामारी
जिला खनन टॉस्क फोर्स की बैठक प्रत्येक माह होती है। जिसमें उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले में अवैध खनन और परिवहन नहीं होने का निर्देश दिया जाता है। लेकिन इस निर्देश का पालन नहीं हो पाता है जिसके कारण बालू का अवैध कारोबार करनेवालों का हौसला बुलंद है। बैठक में सभी थाना प्रभारी और सीओ को सुयंक्त रूप से छापामारी करने का निर्देश मिलता है। लेकिन आज तक कभी भी संयुक्त रूप से छापेमारी नही हो सकी है। मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि बालू के अवैध कारोबार करनेवाले लोगों को चिह्नित करने का कार्य किया जा रहा है। आज बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया है। अवैध उत्खनन, परिवहन व भंडारण करनेवाले लोगों पर कार्रवाई की जायेगी।
Read Also Chaibasa news : चाईबासा-तांतनगर मार्ग पर बाइक दुर्घटना, पेड़ से टकराते ही हो गया लहूलुहान, मौत

