Dumka : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के फिटकोरिया गांव में ठंड से बचाव के लिए अलाव तापना दो वृद्ध महिलाओं के लिए जानलेवा बन गया। आग की चपेट में आने से दोनों वृद्ध महिलाओं की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बताते हैं कि पंचू सिंह पहाड़िया की 65 वर्षीय पत्नी मेघिया देवी और रवि सिंह पहाड़िया की 55 वर्षीय पत्नी बृहस्पतिया देवी रविवार की रात अलाव ताप रही थीं। इसी दौरान नींद की झपकी आने से उनके कपड़ों में आग पकड़ लेने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप ले लिया और दोनों महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं।
घटना की जानकारी सोमवार को दोपहर बाद परिजनों ने मुफस्सिल थाना को दी। इसके बाद थाना प्रभारी सत्यम कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा लग रहा रहा है। परिजनों ने किसी प्रकार की साजिश या संदेह की बात नहीं कही है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देर शाम होने के कारण सोमवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। अब मंगलवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
Also Read: मइयां सम्मान योजना : मिलने लगी नवंबर माह की राशि , 3.51 लाख लाभुकों में खुशी की लहर

