
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सोशल मीडिया पर खुलेआम धमकी देने का एक मामला सामने आया है। इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर राजधानी रांची के कोतवाली थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोप है कि वीडियो में दिख रहा शख्स मुख्यमंत्री के घर में घुसकर उन्हें जान से मारने और उनका घर उजाड़ने की बात कह रहा है।
यह प्राथमिकी अरगोड़ा के बुद्ध विहार निवासी सुजीत कुमार कुजूर की शिकायत पर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह वीडियो खबर अड्डा नाम के एक फेसबुक पेज पर देखा गया, जो जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
आरोपी की हुई पहचान
छात्रों से पूछताछ और तस्वीर दिखाने पर आरोपी की पहचान विश्वजीत समंदर के रूप में हुई है।शिकायत में आरोपी को विश्व हिंदू परिषद से जुड़ा बताया गया है, जो बोकारो जिले के बोकारो थर्मल (नवाडीह) का रहने वाला है। शिकायतकर्ता ने आरोपी का मोबाइल नंबर, वीडियो लिंक और पेन ड्राइव में सेव किया गया वीडियो साक्ष्य के तौर पर पुलिस को सौंपा है।
सामाजिक माहौल बिगाड़ने की साजिश का आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वीडियो में न सिर्फ मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक और हिंसक भाषा का इस्तेमाल किया गया है, बल्कि लोगों को भड़काने की भी कोशिश की गई है।
संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह धमकी देना गंभीर अपराध है। साथ ही,आरोप लगाया गया है कि एक आदिवासी मुख्यमंत्री के खिलाफ ऐसी भड़काऊ बयानबाजी से दो समुदायों के बीच दुश्मनी फैलाने और माहौल खराब करने की साजिश रची जा रही है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।


