
Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र के शंकरपुर इलाके में बकरी चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। इस बार चोरों ने बकरी चोरी के लिए किसी बाइक या छोटे वाहन का नहीं, बल्कि एक लग्जरी कार का इस्तेमाल किया। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, शंकरपुर निवासी उमानाथ प्रमाणिक ने अपनी चार बकरियों को चारा खाने के लिए खुला छोड़ा था। सभी बकरियां विद्यासागर पल्ली के पास एक सुनसान रास्ते पर चर रही थीं। इसी दौरान मंगलवार सुबह करीब 5:10 बजे सफेद रंग की एक कार वहां पहुंची।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कार को पीछे करते हुए गली के अंदर लाया गया। इसके बाद कार में सवार एक व्यक्ति ने दरवाजा खोला और बकरी को अपनी ओर आकर्षित करने लगा। जैसे ही बकरी कार के नजदीक पहुंची, आरोपी ने उसे उठाकर वाहन के अंदर डाल दिया और कार लेकर मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि चोरी हुई चार बकरियों में एक सफेद, एक काली, एक लाल और एक काले-सफेद रंग की बकरी शामिल है। इनमें तीन बकरियां बच्चे देने वाली थीं। घटना के बाद बकरी मालिक ने परसुडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
सीसीटीवी फुटेज में कार का नंबर JH05EF 9924 दिखाई देने का दावा किया गया है। शिकायत मिलने के बाद परसुडीह पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस वाहन के नंबर और अन्य सुरागों के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
इस घटना ने इलाके के लोगों को भी हैरान कर दिया है। जिस तरह से कार का इस्तेमाल कर बकरी चोरी की गई, उससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहले से योजना बनाकर पहुंचे थे। अब पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचने के साथ-साथ चोरी हुई बकरियों को बरामद करने की चुनौती है।
Read Also:


