Home » Jamshedpur News : राखी मेला लोक-संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का सुंदर संगम : दिनेश कुमार

Jamshedpur News : राखी मेला लोक-संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का सुंदर संगम : दिनेश कुमार

महिलाओं की प्रतिभा और उद्यमिता को मिला मंच, ब्रह्माकुमारी बहनों ने दिलाई नशामुक्त जीवन की शपथ

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक समिति (महिला मंडल), सोनारी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय राखी मेला का मंगलवार को भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। समारोह में भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी एवं पूर्व जिला अध्यक्ष तथा भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी सुकृतदास मानिकपुरी तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहन सुधा दीदी और बहन कोमल दीदी मौजूद रहीं। ब्रह्माकुमारी बहनों ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और उपस्थित लोगों को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी को रक्षा सूत्र भी बांधा गया।

समारोह को संबोधित करते हुए दिनेश कुमार ने कहा कि राखी केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा, विश्वास, स्नेह और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है। छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक समिति का राखी मेला लोक-संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ महिलाओं को अपनी प्रतिभा और उद्यमिता प्रदर्शित करने का अवसर भी प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के सामने गंभीर चुनौती है। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सरकार या किसी एक संस्था का प्रयास पर्याप्त नहीं है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने तथा परिवार और आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

दिनेश कुमार ने मेले के सफल आयोजन के लिए महिला मंडल की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक सौहार्द, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करते हैं। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास की मजबूत आधारशिला है।
संस्था के अध्यक्ष कृष्णा प्रसाद ने समिति की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों एवं अतिथियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मंडल की अध्यक्ष लक्ष्मी साहू ने की, जबकि मंच संचालन महामंत्री जया साहू ने किया।

मेले में आकर्षण का केंद्र रहे स्टॉल

तीन दिवसीय राखी मेले में हस्तनिर्मित राखी, साड़ी, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, गिफ्ट आइटम और विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। मेले ने महिलाओं को स्वावलंबन, रचनात्मकता और उद्यमिता को बढ़ावा देने का प्रभावी मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कांता सिंह, गीतांजलि साहू, अंजू श्रीवंशी, सुनीता साहू, सुरजा देवी, नीलम साहू, उमा साहू, कांति साहू, लता साहू, रेखा साहू और विद्या साहू समेत समिति की अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन पर आयोजक समिति ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और उपस्थित सदस्यों का आभार जताया तथा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन जारी रखने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Comment