Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर में डीसी ऑफिस सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में दुर्गापूजा और विजयादशमी पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों पर महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, रूरल एसपी ऋषभ गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद समेत कई प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक पूजा पंडाल का सत्यापन किया जाए और विसर्जन जुलूस मार्ग का भौतिक निरीक्षण अनिवार्य रूप से हो। घाटों पर पर्याप्त विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और कचरा निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सभी पंडालों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, सहायता केंद्र उपलब्ध कराने के साथ ही महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग प्रवेश और निकास द्वार रखने को कहा गया।
Jamshedpur Durga Puja : स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी जोर
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों के आसपास एम्बुलेंस क्लस्टर वार तैनात हों। वहीं अस्थायी शौचालय, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
Jamshedpur Durga Puja : पुलिस की सख्त तैयारी
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने बताया कि संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, दंगा-निरोधक वाहन और वाटर कैनन तैनात होंगे। फ्लैग मार्च, पेट्रोलिंग और मॉकड्रिल की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अश्लील गीतों पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा, केवल धार्मिक और भक्ति गीत बजाए जाएंगे। नशीले पदार्थों और अवैध शराब पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में जेएनएसी, डीटीओ, धालभूम और घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, निजी कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

