Jamshedpur : जमशेदपुर के बिरसानगर में बिरसानगर जोन नंबर 11 में केनरा बैंक के पास सोमवार को दिनदहाड़े हुई लूट की एक बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां टाटा मोटर्स के एक वेंडर के दफ्तर पर हथियारों से लैस तीन बदमाशों ने धावा बोल कर 10 लाख रुपये लूट लिए हैं। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। डीएसपी भी लाव-लश्कर लेकर घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने आसपास के चौक-चौराहों की नाकेबंदी कर ली है। आने जाने वालों पर नजर रखी जा रही है और बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, कैनरा बैंक के पास स्थित टाटा मोटर्स के वेंटर पीकेएस इंटरप्राइजेज के ऑफिस में लूटपाट हुई है। वेंडर टाटा मोटर्स में मजदूर सप्लाई करते हैं। रविवार और सोमवार को वह लेबर पेमेंट करते हैं। सोमवार को लेबर पेमेंट की तैयारी चल रही थी। तभी बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और एक महिला कर्मी पर पिस्टल तान दी। महिला कर्मी के पास लेबर को देने के लिए जो रुपये थे वह लूट लिए। तब बदमाश अंदर दफ्तर में बैठे हुए वेंडर एपी सिंह के पास गए और वहां से सारे रुपये लूट लिए। महिला कर्मी ने पुलिस को बताया कि सारे पैसे लिफाफे में रखे हुए थे। यह लेबर के लिफाफे थे। सभी लिफाफों पर लेबर का नाम लिखा हुआ था। 129 से अधिक मजदूरों का पेमेंट किया जाना था। मगर, बदमाश सारा पैसा लूट ले गए।
अपराधियों ने ऑफिस में प्रवेश करते ही हवाई फायरिंग की और स्टाफ को बंदूक दिखाकर धमकाया था।
दफ्तर के सीसीटीवी कैमरे कई दिनों से खराब पड़े हुए हैं। इस वजह से पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। कार्यालय के स्टाफ ने बताया कि बदमाश चेहरा नहीं ढके हुए थे। वह खुलेआम धमकी देकर लूटपाट कर रहे थे। स्टाफ का कहना है कि जो बदमाश लूटपाट करने आए थे उन्हें उन लोगों ने कार्यालय के आसपास कभी नहीं देखा है।
घटना के बाद आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी बाइक सवार दिखाई दिए हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की तलाश में टीमों को सक्रिय कर दिया गया है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।
इस वारदात ने बिरसानगर और आसपास के इलाके में दहशत फैला दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े फायरिंग कर लाखों रुपये लूट ले जाना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न छोड़ता है।
Read Also: Chaibasa Crime News : अवैध पिस्टल के साथ बाइक सवार गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

