RANCHI: रांची रेल मंडल में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेल सुरक्षा बल को बड़ी सफलता मिली है। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के दौरान मुरी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने लगभग 4 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 40,000 बताई जा रही है।
घटना 5 नवंबर देर शाम की है। आरपीएफ की फ्लाइंग टीम और पीसी मुरी के प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में मुरी स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर बोकारो दिशा की ओर पुराने गुड्स शेड के पास एक ब्लू रंग का पिट्ठू बैग लावारिस हालत में पाया गया। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों से पूछताछ की गई, लेकिन बैग का मालिक सामने नहीं आया।
शक के आधार पर जब बैग की जांच की गई तो उसमें चार बड़े पैकेट मिले, जो भूरे रंग के प्लास्टिक में सील थे। गांजा होने की आशंका पर आरपीएफ ने तुरंत इसकी सूचना एएससी आरपीएफ रांची को दी। परीक्षण में पदार्थ के गांजा होने की आधिकारिक पुष्टि हुई।
कानूनी कार्रवाई के बाद आरपीएफ टीम ने गांजे को जब्त किया और आगे की प्रक्रिया के लिए इसे जीआरपी मुरी को सौंप दिया। जीआरपी मुरी ने इस संबंध में एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं आरपीएफ ने यात्रियों से भी अपील कर रही है कि वे संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दें।

