दुमका : झारखंड के दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के रौंधिया गांव में दहेज हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मंगलवार को 19 वर्षीय नवविवाहिता मनीषा ठाकुर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। ससुराल वालों ने इसे आत्महत्या बताया, लेकिन मृतका के पिता ने इसे हत्या करार देते हुए अपने दामाद सहित तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।
बाइक नहीं देने पर बेटी की हत्या – पिता का आरोप
मृतका के पिता वशिष्ठ ठाकुर (बांका, बिहार) ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि उनकी बेटी मनीषा ठाकुर की शादी कुछ महीने पहले विकास ठाकुर (रौंधिया गांव) से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही दामाद और ससुराल पक्ष दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। मंगलवार सुबह पति विकास ठाकुर ने फोन कर बताया कि मनीषा की तबीयत खराब है। जब परिजन ससुराल पहुंचे तो मनीषा मृत पड़ी थी। ससुराल वालों ने कहा कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, लेकिन गले और शरीर पर चोट के निशान देखकर पिता ने हत्या की आशंका जताई और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में हत्या की आशंका
मामले की जानकारी मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ताराचंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
Read also – ASI Arrested : बोकारो में घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा गया गांधीनगर थाना का एएसआई

