रांची : ओरमांझा थाना क्षेत्र के झिरी गांव में लोगों ने चोरी के आरोपी को पकड़कर ऐसी सजा दी जिसे देखने वाले खिलखिलाकर हंस पड़े। लोगों के चेहरे पर एक साथ गुस्सा एवं हंसी दोनों के भाव दिख रहे थे । चोर सिर नीचे किए चल रहा था और साथ में चल रही थी ग्रामीण महिला व पुरुषों की टोली। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग परेशान थे। लोग चोर को पकड़ने के लिए योजना भी बना रहे थे। इस बीच एक कथित शातिर चोर चोरी के जेवरात के साथ पकड़ लिया गया। ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लेकिन उनलोगों ने संयम से काम लिया। गुरुवार को ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पहले महिला का परिधान पहनाया, फिर पूरे गांव में घुमाया। साथ में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं बच्चों की टोली चल रही थी, जो उसके कारनामें बता रही थी।
गांव में घूमाने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। झिरी गांव निवासी 25 वर्षीय श्रवण पाहन पर बुधवार रात स्व. रवि मुंडा की पत्नी सीता देवी के घर में चोरी करने का आरोप है। गुरुवार सुबह सीता देवी ने घर में बक्से का ताला टूटा देखा। उसमें से चांदी के जेवरात गायब थे। उसने गांव वालों को इसकी जानाकरी दी।
ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर श्रवण की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों बाद उसे गंगुटोली ओरमांझी से पकड़ लिया। ग्रामीणों ने बताया आरोपी के पास से चोरी गए जेवरात भी बरामद हो गए। इसके बाद वर्षों से चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।
महिला परिधान पहनाकर गांव की गलियों में कराया परेड
महिलाओं ने आरोपी को महिला वस्त्र पहनाए फिर गांव की गलियों में घुमाया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। कुछ लोगों द्वारा आरोपी की पिटाई किए जाने की भी सूचना है।
ग्राम प्रधान रामकिशन मुंडा के अनुसार आरोपी पहले भी गांव के कई घरों में चोरी कर चुका है। ग्रामीणों का कहना है आरोपी युवक जेवरात, नकदी के अलावा महिलाओं व बच्चों के कपड़े तक चोरी कर लेता था, जिससे गांव के लोग काफी परेशान हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही ओरमांझी थाना पुलिस गांव पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
Read Also: Niger Airport Attack : नाइजर में एयरपोर्ट पर आतंकी हमला, 11 सैनिक शहीद, 22 आतंकवादी ढेर

