Palamu: प्रेमजाल में फंसाकर युवती का अपहरण करने, दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी युवक को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाना बदल रहा था, लेकिन आखिरकार विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) की कार्रवाई में वह पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय धरूआ के रूप में हुई है। वह ओडिशा के बोलागीर जिले के मोरीबहाल थाना क्षेत्र स्थित करलापिटा गांव का निवासी है। आरोपी के खिलाफ हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने मामला दर्ज कराया था। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि विजय धरूआ ने प्रेमजाल में फंसाकर उसका अपहरण किया, दुष्कर्म किया, फिर अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया और जान से मारने की धमकी भी दी।
हुसैनाबाद के एसडीपीओ एस मो याकूब ने गुरुवार को बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान के दौरान पता चला कि आरोपी पहले तेलंगाना के महबूबनगर क्षेत्र में छिपा हुआ था, जहां पुलिस दबिश के दौरान वह फरार हो गया। इसके बाद तकनीकी निगरानी से जानकारी मिली कि आरोपी ओडिशा के बोलागीर जिले में मौजूद है।
पुलिस जब उसके पैतृक गांव पहुंची, तब भी वह फरार मिला। बाद में गुप्त सूचना के आधार पर पता चला कि आरोपी अपनी बहन के घर जामुटजोरी, थाना कांटाबांजी, जिला बोलागीर (ओडिशा) में छिपा हुआ है। स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई छापेमारी में आरोपी को उसकी बहन के घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी को स्थानीय न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
छापेमारी दल में हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी, रमण यादव, पार्वती कुमारी, महिला थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
Also Read: Jamtara News: पेसा कानून के नाम पर आदिवासियों से खिलवाड़, हेमंत सरकार पर बरसे चम्पाई सोरेन

