Home » Ranchi News: टाटीसिल्वे फोरलेन सड़क पर जल्द शुरू होगा आवागमन, बरसात से पहले क्षतिग्रस्त सड़कें दुरुस्त करने का निर्देश

Ranchi News: टाटीसिल्वे फोरलेन सड़क पर जल्द शुरू होगा आवागमन, बरसात से पहले क्षतिग्रस्त सड़कें दुरुस्त करने का निर्देश

प्रधान सचिव पथ निर्माण विभाग सुनील कुमार ने दिए अधिकारियों को कई निर्देश

by Nikhil Kumar
Tatisilwai four lane road project
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची। नामकुम आरओबी से टाटीसिल्वे होते हुए रिंग रोड को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित रेडियल फोरलेन सड़क पर जल्द आवागमन शुरू होने की उम्मीद है। बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में पथ निर्माण विभाग की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने शेष कार्यों को तेजी से पूरा कर सड़क का उद्घाटन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह फोरलेन सड़क राज्य की आधारभूत संरचना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और रांची से पुरुलिया मार्ग पर यातायात को अधिक सुगम बनाएगी।

बैठक में राजधानी के बहुप्रतीक्षित नया सराय रेलवे ओवरब्रिज परियोजना की भी समीक्षा की गई। नया विधानसभा से लोहरदगा रेल लाइन क्रॉसिंग होते हुए नया सराय तक बन रहे आरओबी का काम अंतिम चरण में है। प्रधान सचिव ने संबंधित एजेंसियों को काम में तेजी लाकर जल्द परियोजना पूरी करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य की अधिकांश सड़कें मोटरेबल स्थिति में हैं, लेकिन जहां पाइपलाइन या केबल बिछाने के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उन्हें बरसात शुरू होने से पहले हर हाल में दुरुस्त किया जाए। योजनाओं में तेजी लाने के लिए सभी निर्माण एजेंसियों को मुख्यालय बुलाकर बैठक करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में निर्माण कार्यों में मेटेरियल की उपलब्धता और तकनीकी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। प्रधान सचिव ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए जल्द अंतरविभागीय बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में योजनाओं की गति धीमी नहीं पड़नी चाहिए और सड़क व पुल निर्माण कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।

रांची की प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान चापू टोली से कटहल मोड़ तक सड़क निर्माण के लिए शीघ्र निविदा जारी करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बरियातू रोड को जल्द दुरुस्त करने तथा दुर्गा सोरेन चौक के लंबित कार्यों को अविलंब पूरा कराने को कहा गया। प्रधान सचिव ने राज्य की 19 डिवीजनों में चल रही 39 योजनाओं की 90 प्रतिशत प्रगति पर संतोष जताते हुए उन्हें जल्द शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने भूमि अधिग्रहण से संबंधित राशि के शीघ्र आवंटन तथा भू-अर्जन और वनभूमि संबंधी मामलों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने को भी कहा। विभाग के अनुसार राज्य में सड़क की 222 और पुल निर्माण की 62 योजनाएं स्वीकृत हैं।

Read Also: CBSE 12th Arts Topper 2026 : रांची की भव्या बनी सीबीएसई-12वीं आर्ट्स की नेशनल टॉपर, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल की रही छात्रा

Related Articles