
Jamshedpur : युवाओं को नशे और साइबर अपराध के बढ़ते खतरे से बचाने के उद्देश्य से झारखंड के जमशेदपुर स्थित टीआरएफ कॉलोनी के वैली व्यू स्कूल में गुरुवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध से बचाव और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के उपप्राचार्य डॉ. जे.के. पांडे ने किया।
नशा और साइबर ठगी समाज के लिए गंभीर चुनौती
मुख्य वक्ता टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने कहा कि वर्तमान समय में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और साइबर अपराध देश के सामने गंभीर सामाजिक चुनौती बनकर उभरे हैं। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहा है, जबकि बड़ी संख्या में लोग साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय है।
उन्होंने बताया कि पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारीब के निर्देश पर जमशेदपुर पुलिस जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में नशा मुक्ति एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत वैली व्यू स्कूल में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बुरी संगत से बचें, संदिग्ध गतिविधियों की दें सूचना
सुरेश प्रसाद ने विद्यार्थियों से नशे और साइबर अपराध से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी अनजान लिंक, कॉल या ऑनलाइन प्रलोभन से सावधान रहें। उन्होंने छात्रों को बुरी संगत से बचने तथा आसपास नशे या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर गोपनीय रूप से पुलिस को सूचित करने की सलाह दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का भी आह्वान किया।
विद्यालय ने अभियान को बताया सराहनीय
विद्यालय की प्राचार्या मिकी सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को नशा और साइबर अपराध जैसे गंभीर विषयों पर समय-समय पर जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने जमशेदपुर पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए विद्यालय की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय शांति समिति के सदस्य नंदलाल सिंह एवं रियाजुद्दीन खान ने भी अपने विचार रखे। अंत में छात्र-छात्राओं ने नशे और साइबर अपराध से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।

