नई दिल्ली : बिहार के चर्चित IPS अधिकारी शिवदीप वामनराव लांडे ने अपने पद से इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया है। पूर्णिया रेंज के आईजी के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान, लांडे ने हमेशा Law और Order को सर्वोपरि रखा और ईमानदारी की छवि बनाई। उनका इस्तीफा एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सामने आया, जिसमें उन्होंने बिहार के प्रति अपनी निष्ठा जताई।
लांडे ने लिखा भावुक पोस्ट
“मेरे प्रिय बिहार, मैंने 18 वर्षों तक इस पद पर सेवाएं दीं, और आज मैंने त्यागपत्र दिया है, लेकिन मैं बिहार में ही रहूंगा और आगे भी बिहार मेरी कर्मभूमि रहेगी”। लांडे ने अपने पोस्ट में लिखा। उन्होंने कहा कि यदि उनके कार्यकाल में कोई कमी रह गई हो, तो इसके लिए वे क्षमाप्रार्थी हैं।
त्यागपत्र को लेकर छिड़ी सोशल मीडिया पर बहस
लांडे के इस्तीफे ने सोशल मीडिया से लेकर आम जन में बहस छेड़ दी है। लोग जानना चाहते हैं कि आखिर एक ईमानदार अधिकारी को ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर क्यों होना पड़ा। क्या उन पर कोई दबाव था? या क्या उन्हें अपने तरीके से काम करने नहीं दिया गया? ये सवाल अब हर ओर चर्चा का विषय बन गए हैं।
लांडे का इस्तीफा न केवल बिहार के पुलिस प्रशासन के लिए बल्कि समाज के लिए भी एक गंभीर संकेत है। क्या यह सिर्फ एक व्यक्तिगत निर्णय है या इसके पीछे कुछ और है? ये सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं।

