धनबाद। धनबाद के झरिया में भारतीय जनता पार्टी की विधायक रागिनी सिंह के कार्यालय पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। शनिवार की सुबह 5 बजे उनके कार्यालय में न केवल तोड़फोड़ की गई बल्कि फायरिंग भी की गई। कतरास मोड़ स्थित रागिनी सिंह के कार्यालय से बदमाशों ने कंप्यूटर समेत कई सामानों की भी चोरी की है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जाएगी कार्रवाई
इस मामले में विधायक ने कहा कि फायरिंग की जानकारी मिली है। कुछ आपराधिक तत्व के लोगों ने ऑफिस में तोड़फोड़ और जानलेवा हमला करने का प्रयास किया है। यह जांच का विषय है। विधायक ने कहा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद लिखित में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
फायरिंग के संबंध में अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं
स्थानीय पुलिस को इस घटना की जानकारी दे दी गई है। झरिया थाना के इंस्पेक्टर शशि रंजन सिंह ने कहा कि मुझे फायरिंग की घटना की सूचना नहीं है। फायरिंग के संबंध में अभी तक किसी ने भी रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। मौके पर फायरिंग के निशान स्पष्ट रूप से देखे जा सकते है। फिलहाल सीधे तौर पर इस मामले में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धनबाद में आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही है। कभी डीएसपी, कभी विधायक ऑफिस, गोलाबारी, बमबाजी जैसी घटनाओं से स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल है।

