चक्रधरपुर : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराइकेला थाना क्षेत्र स्थित चीटिंगदा के पास रांची-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग एनएच 75 ई पर एक महिला की सड़ी-गली लाश बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला की पहचान में जुटी पुलिस, मौत पर सवाल
शनिवार को सड़क किनारे एक महिला का शव देखकर स्थानीय लोग घबरा गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। शव की हालत देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह लाश दो-तीन दिन पुरानी हो सकती है। मृतक महिला ने लाल सलवार सूट पहना हुआ था और उसके हाथों में चूड़ियां भी थीं, लेकिन शव की स्थिति इतनी खराब हो चुकी थी कि चेहरे को पहचान पाना भी मुश्किल था।
पुलिस का मानना है कि महिला के साथ कोई अनहोनी घटना हुई है और उसकी हत्या कर साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया है। शव की स्थिति को देखकर यह आशंका और भी पुख्ता होती है कि महिला की हत्या की गई है।
पहचान के लिए मदद की अपील
कराइकेला पुलिस ने शव को घटनास्थल से उठाकर चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है और वहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में स्थानीय लोगों से भी महिला के शव की पहचान करने में मदद की अपील की है, ताकि हत्या के कारणों का पता चल सके और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा सके।

